लखीमपुर खीरी। पलिया थाना क्षेत्र निवासी सशस्त्र सीमा बल के हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। असम से अवकाश पर घर लौटते समय पश्चिम बंगाल में हुए सड़क हादसे में उनकी मृत्यु हो गई थी। उनका पार्थिव शरीर जैसे ही तिरंगे में लिपटा पलिया नगर के मोहल्ला पठान स्थित उनके आवास पहुंचा, परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, शिक्षक और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। देशभक्ति के नारों के बीच लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। श्मशान घाट पर एसएसबी एवं पुलिस के जवानों ने सैन्य परंपरा के अनुसार अंतिम सलामी देकर दिवंगत जवान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
पंचायती व्यवस्था को मजबूती: मानदेय, वेतन और प्रशासनिक खर्च के लिए 1,498 करोड़ रुपये मंजूर।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार प्रदीप कुमार सिंह 61वीं वाहिनी, भैराबकुंड (असम) में तैनात थे। वह अवकाश पर अपने घर लौट रहे थे, तभी पश्चिम बंगाल में उनकी गाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार, प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे, एसएसबी के अधिकारी एवं जवान सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवान को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पूरे क्षेत्र में दिनभर गमगीन माहौल बना रहा।













1 thought on “तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचे एसएसबी जवान प्रदीप सिंह, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई।”