NEET परीक्षा रद्द होने से तनाव में था छात्र, फांसी लगाकर की आत्महत्या।
शरद मिश्रा (लखीमपुर खीरी)
लखीमपुर खीरी। नीट परीक्षा रद्द होने और री-एग्जाम की चर्चाओं के बीच जिले के एक छात्र ने आत्मघाती कदम उठा लिया। ईशानगर थाना क्षेत्र के हसनपुर कटौली गांव निवासी रितिक मिश्रा ने शहर स्थित अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रितिक के पिता अनूप मिश्रा ईंट भट्ठा संचालक हैं। उन्होंने बताया कि उनका इकलौता बेटा रितिक सदर कोतवाली क्षेत्र के नौरंगाबाद स्थित गंगोत्री नगर के मकान में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। हाल ही में हुई परीक्षा के बाद वह गांव आ गया था। परिवार को इस बार उसके चयन की पूरी उम्मीद थी।
दुधवा में जंगल के दो दिग्गज आमने-सामने, बाघ और भालू का रोमांचक सामना कैमरे में कैद।
परिजनों के मुताबिक रितिक का यह तीसरा प्रयास था और परीक्षा भी अच्छी गई थी। उसके 600 से अधिक अंक आने की संभावना जताई जा रही थी। इसी बीच पेपर लीक की खबरें सामने आईं और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा परीक्षा रद्द किए जाने की चर्चा शुरू हो गई। री-एग्जाम की संभावनाओं ने रितिक को मानसिक रूप से काफी परेशान कर दिया था।
पिता ने बताया कि रितिक बार-बार कह रहा था कि इतनी मेहनत के बाद चयन की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब इतने कम समय में दोबारा परीक्षा की तैयारी करना बेहद मुश्किल होगा। मानसिक तनाव के चलते वह बुधवार को शहर वाले मकान में रहने चला गया था।
गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि रितिक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रितिक के दोस्त अभिषेक सिंह ने बताया कि री-एग्जाम की चर्चाओं से वह बेहद तनाव में था। उसने कहा कि परीक्षा रद्द होने से हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है और छात्र मानसिक दबाव झेल रहे हैं।
सदर कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि गंगोत्री नगर में एक छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, इन चार जिलों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी।।





























