रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। जिले के उचौलिया थाना क्षेत्र में गौकशी की घटना से जुड़े वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त बताए गए धारदार हथियार और एक इनोवा कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहराज पुत्र जर्रार, निवासी बढ़ैया, थाना उचौलिया, जनपद खीरी, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है। वह थाना उचौलिया में दर्ज गौकशी के मुकदमे में वांछित था।
पुलिस का कहना है कि 7 अक्टूबर 2026 की रात संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग तथा वांछित आरोपियों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग इनोवा कार से असलहा और पशु काटने के उपकरण लेकर इब्राहिमपुर की ओर से नहर पटरी के रास्ते बनकागांव की तरफ आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर उचौलिया पुलिस टीम ने ग्राम हैवतियापुर तिराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, दो संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया गया। इसी दौरान आरोपी मेहराज ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मेहराज के बाएं पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसका साथी जमन पुत्र मेहराज निवासी बढ़ैया अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल मेहराज को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी पसगवां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल खीरी रेफर कर दिया।
आग ने छीन लिया सहारा, सदमे में डूबे परिवार के घर भैंस लेकर पहुंचे पलिया विधायक रोमी साहनी।
तमंचा, कारतूस और हथियार बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बताए गए दो छुरी, एक कुल्हाड़ी, लकड़ी का ठीहा और इनोवा कार संख्या UP 27 AG 2560 भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी थाना उचौलिया में दर्ज मु0अ0सं0 194/2026, धारा 303(2) बीएनएस और 3/5क/8 गौवध निवारण अधिनियम से संबंधित मामले में की गई है।
मुठभेड़ के संबंध में थाना उचौलिया में अलग से मु0अ0सं0 196/2026 के तहत धारा 109(1)/352 बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक खीरी डा. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक खीरी (पश्चिमी) अमित कुमार राय के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक उचौलिया के नेतृत्व में की गई।
दुबहा गांव के खेत में दिखा विशाल अजगर, किसानों में मचा हड़कंप; वन विभाग ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा।

















