रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। उत्तर निघासन वन रेंज के नौबना गांव के आसपास पिछले कई दिनों से तेंदुए की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रखी थी। गन्ने के खेतों के आसपास तेंदुए की चहलकदमी से लोग सहमे हुए थे और खेतों में कृषि कार्य करने से भी बच रहे थे। आखिरकार वन विभाग की लगातार निगरानी और सुनियोजित प्रयासों के बाद शुक्रवार सुबह तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
नौबना गांव के आसपास करीब एक सप्ताह पहले तेंदुआ दिखाई देने के बाद से ही ग्रामीण सतर्क थे। क्षेत्र में गन्ने की खड़ी फसल होने के कारण तेंदुए के खेतों में छिपे होने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों को किसी अनहोनी का डर सता रहा था। तेंदुए की दोबारा मौजूदगी की सूचना मिलने पर वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
नागेंद्र तिवारी के खेत में लगाया गया था पिंजरा
तेंदुए की मौजूदगी की सूचना पर तीन अक्टूबर को वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। संभावित ठिकानों का निरीक्षण करने के बाद नौबना गांव के निकट नागेंद्र तिवारी के खेत में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया। तेंदुए को आकर्षित करने के लिए पिंजरे में बकरी बांधी गई थी। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही थी। शुक्रवार सुबह शिकार की तलाश में पिंजरे के भीतर पहुंचे तेंदुए के कैद होते ही अभियान को सफलता मिल गई।
खबर से संबंधित वीडियो यहां देखें
वन विभाग की टीम की निगरानी रंग लाई
तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और क्षेत्र में निगरानी करने वाली टीम में बथुआ बीट प्रभारी नसीम अहमद, न्यूनतम वेतन कर्मी हकीमुद्दीन, अजमत और रवींद्र शामिल रहे। टीम के लगातार प्रयासों के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद किया जा सका। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को अब गन्ने के खेतों में जाने और खेती-किसानी के कामकाज में पहले की अपेक्षा राहत मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्र में अब तक पकड़े जा चुके हैं 16 तेंदुए
रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अब तक कुल 16 तेंदुए पकड़े जा चुके हैं। नौबना गांव के पास पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ इस क्षेत्र में पकड़ा गया 16वां तेंदुआ है। उन्होंने बताया कि तेंदुए का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार उसे जंगल में छोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
तेंदुए के पकड़े जाने से नौबना और आसपास के ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। हालांकि, ग्रामीणों की सुरक्षा के मद्देनजर खेतों में जाते समय सतर्कता बरतना जरूरी है। वन विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में कई दिनों से बना डर का माहौल कम होने की उम्मीद है।
राज्य गन्ना प्रतियोगिता 2025-26 में हरदोई के अमर सिंह प्रथम, 2430 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन।

















