रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। ‘सपनों का भारत-सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत आयोजित जनपद स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में निघासन ब्लॉक के पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय पचपेड़ी की छात्रा रॉयल भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। रॉयल भारती की इस उपलब्धि से विद्यालय, शिक्षक-शिक्षिकाओं और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है।
प्रतियोगिता में कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रॉयल भारती ने निर्णायकों को प्रभावित किया और जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ‘टेनी’ मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी योगानंद पांडेय एवं जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रॉयल भारती की सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
निघासन की छात्रा रॉयल भारती की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। सीमित संसाधनों के बीच अपनी कला और प्रतिभा के दम पर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करना निश्चित रूप से विद्यालय और पूरे निघासन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
आग ने छीन लिया सहारा, सदमे में डूबे परिवार के घर भैंस लेकर पहुंचे पलिया विधायक रोमी साहनी।

















