लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बुधवार तड़के कांवड़ियों से भरी डबल डेकर स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। उचौलिया थाना क्षेत्र में गुरुद्वारे के पास शारदा नहर किनारे बस अचानक सड़क से उतरकर खाई में पलट गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में यात्री घायल हुए हैं।
बताया गया कि बस में बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के करीब 73 श्रद्धालु सवार थे। सभी हरिद्वार से गंगाजल लेकर अयोध्या में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान बुधवार तड़के उचौलिया के पास बस अनियंत्रित हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चालक को झपकी आने के कारण नियंत्रण बिगड़ने की बात सामने आई है। बस की रफ्तार अधिक होने की भी चर्चा है।
लंबी बीमारी के बाद चिकित्सक डॉ. अनिल वर्मा का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर।
अचानक हुए हादसे से बस में सो रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस के खाई में पलटते ही कई श्रद्धालु अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और अन्य टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकाला।
हादसे में पश्चिमी चंपारण निवासी 50 वर्षीय हरिशंकर लाल यादव की मौत हो गई। वहीं आठ श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। करीब 30 अन्य घायलों को उपचार के लिए पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कांवड़ यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की रात की बस यात्राओं में सुरक्षा और चालक की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विकास के मामले में सीएम डैशबोर्ड की जुलाई 2026 रैंकिंग में लखीमपुर खीरी ने हासिल किया सातवां स्थान।











