लखीमपुर खीरी। नगर पंचायत निघासन के वार्ड संख्या 13 स्थित गोविंदपुर में बीते काफी समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। वार्डवासियों ने समाजसेवी दिग्विजय गुप्ता के साथ जलभराव वाली सड़क पर हाथ उठाकर प्रदर्शन कर नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि सड़क पर जलभराव के कारण आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
समाजसेवी दिग्विजय गुप्ता ने बताया कि नगर पंचायत के कई वार्डों में सड़कों व नालियों की बुरी स्थिति है। जिसके चलते आए दिन जलभराव की समस्या बनी रहती है। ऐसे में कोई भी अप्रिय घटना भी घटित हो सकती है जिसको ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत को ऐसी जगहों को चिन्हित कर सड़कों व नालियों पर कार्य करना चाहिए।
वार्ड वासियों ने नगर पंचायत से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
सावन का माह और सरयू की पुकार “मेरे अस्तित्व को मिटने से बचा लो”, क्या कोई मेरी पुकार सुनेगा?











