रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। दीपावली का पर्व रोशनी और खुशियों का त्योहार है, लेकिन जब इन खुशियों को दूसरों के साथ साझा किया जाता है तो त्योहार की मिठास और भी बढ़ जाती है। इसी सोच को साकार करते हुए निघासन ब्लॉक प्रमुख हरप्रीत कौर और उनके पति ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह ने नौरंगाबाद स्थित अपने आवास पर करीब 500 बच्चों के साथ दीपावली का पर्व मनाया। इस दौरान बच्चों को उपहार और मिठाइयां वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। उपहार और मिठाइयां पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। हरप्रीत कौर और अमनदीप सिंह ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह ने कहा कि दीपावली का त्योहार हर कोई अपने परिवार के साथ मनाता है, लेकिन इस बार मन में विचार आया कि क्यों न इस पावन पर्व की खुशियां बच्चों के साथ साझा की जाएं। इसी उद्देश्य से करीब 500 बच्चों को अपने आवास पर आमंत्रित कर उन्हें उपहार और मिठाइयां वितरित की गईं। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ही इस आयोजन की सबसे बड़ी खुशी है। भविष्य में इस कार्यक्रम को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा तथा समाजहित में ऐसे आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
वहीं ब्लॉक प्रमुख हरप्रीत कौर ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी तभी है, जब हम अपनी खुशियों में दूसरों को भी शामिल करें। बच्चों के साथ दीपावली मनाकर उन्हें जो आत्मिक संतुष्टि मिली है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। सभी बच्चों के जीवन में खुशहाली, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।
इस पहल की क्षेत्र में चर्चा रही। ग्रामीणों ने कहा कि त्योहारों पर बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें उपहार देना सामाजिक सहभागिता और आपसी प्रेम का संदेश देता है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी अमनदीप सिंह की ओर से सेवानिवृत्त सैनिकों और अग्निवीर भर्ती में चयनित युवाओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करने का यह आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और सद्भाव की भावना को प्रोत्साहित करने वाला है। वास्तव में त्योहारों की सार्थकता केवल स्वयं खुशियां मनाने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने में है।
दीपावली पर वृद्धाश्रम पहुंचे सीडीओ योगानंद पांडेय, बुजुर्गों के बीच बांटी खुशियां और उपहार।

















