रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। दीपावली का पर्व केवल घरों को रोशन करने का नहीं, बल्कि उन चेहरों पर मुस्कान लाने का भी अवसर है, जिन्हें अपनों के साथ और स्नेह की सबसे अधिक जरूरत होती है। इसी भावना के साथ सीडीओ योगानंद पांडेय ने सलेमपुर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई। उनके इस आत्मीय प्रयास से वृद्धाश्रम में उत्सव का माहौल बन गया।
समाज कल्याण विभाग से वित्तपोषित वृद्धाश्रम में सीडीओ ने बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने एक-एक कर सभी वृद्धजनों से बातचीत की और उनकी जरूरतों तथा दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को फल, मिठाई और दीपावली के उपहार भेंट किए। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी को अपने बीच पाकर बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
इस मुलाकात में औपचारिकता के बजाय अपनत्व और सम्मान का भाव दिखाई दिया। बुजुर्गों ने भी सीडीओ को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। कुछ समय के लिए वृद्धाश्रम का वातावरण परिवार के बीच दीपावली मनाने जैसा हो गया।
सीडीओ योगानंद पांडेय की इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियां समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। विशेषकर बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और भावनात्मक सहयोग देना सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके साथ बिताए गए कुछ आत्मीय पल भी किसी बड़े उपहार से कम नहीं होते।
विज्ञापन
दीपावली पर वृद्धाश्रम पहुंचे सीडीओ योगानंद पांडेय, बुजुर्गों के बीच बांटी खुशियां और उपहार।

















