लखीमपुर खीरी। आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटी के हृदय ऑपरेशन को लेकर परेशान एक पिता को उस समय बड़ी राहत मिली, जब पलिया विधायक रोमी साहनी ने तत्काल आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया। सहायता मिलने पर भावुक पिता की आंखों से आंसू छलक पड़े।
ग्राम सोनहा निवासी अमर सिंह की पुत्री चांदनी गंभीर हृदय रोग से पीड़ित है। चिकित्सकों ने उसके शीघ्र ऑपरेशन की सलाह दी थी, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराना संभव नहीं हो पा रहा था। बताया जाता है कि विधायक रोमी साहनी ने पहले मुख्यमंत्री राहत कोष से चांदनी के उपचार के लिए 50 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत कराई थी।
‘माऊ’ की तलाश में परिवार बेचैन, तोता ढूंढने वाले को मिलेगा 50 हजार रुपये का इनाम।
इसके बाद भी ऑपरेशन के लिए 25 हजार रुपये की अतिरिक्त आवश्यकता थी। अमर सिंह जब विधायक से मिले और अपनी समस्या बताई, तो रोमी साहनी ने बिना विलंब किए अपनी ओर से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने बरेली स्थित श्री राममूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सर्जन डॉ. अग्रवाल से फोन पर बातचीत कर बच्ची का ऑपरेशन प्राथमिकता के आधार पर कराने का अनुरोध भी किया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले चांदनी विधायक आवास पहुंची थी, जहां उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय विधायक ने तत्काल अपनी गाड़ी से उसे अस्पताल भिजवाकर उपचार की व्यवस्था कराई थी।
आर्थिक सहयोग मिलने के बाद अमर सिंह भावुक हो गए और उन्होंने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मदद से अब उनकी बेटी के इलाज की उम्मीद मजबूत हुई है।
फूलगोभी की खेती होगी और आसान, हाईटेक नर्सरी में 25 दिन में तैयार मिलेगी गुणवत्तापूर्ण पौध।











