लखीमपुर खीरी। थाना पढ़ुआ क्षेत्र के परमोधापुर गांव के निकट मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में डीसीएम चालक की करंट लगने से मौत हो गई। केला लादने जा रहा वाहन रास्ते में झूल रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। चालक ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद ही बिजली के करंट का शिकार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊंच गांव निवासी 40 वर्षीय मेड़ाई उर्फ वारिश डीसीएम लेकर एक किसान के खेत से केला लोड करने जा रहा था। सुबह करीब नौ बजे वाहन खरवहिया-परमोधापुर मार्ग पर पहुंचा तो सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार वाहन से स्पर्श कर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तार काफी नीचे झूल रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
दुधवा में पहली बार दर्ज हुआ दुर्लभ ट्विन-स्पॉटेड वोल्फ स्नेक, वैज्ञानिकों में उत्साह।।
बताया जाता है कि वाहन के संपर्क में तार आने के बाद चालक स्थिति का जायजा लेने के लिए ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान वह विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर पढुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
इधर ग्रामीणों ने क्षेत्र में झूल रहे बिजली के तारों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर विद्युत लाइनें सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल सर्वे कराकर ऐसे स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
दुधवा नेशनल पार्क में गर्मी से बेहाल बाघ, वाटर होल्स बने ‘जंगल के राजा’ का ठिकाना।।











