ईसानगर हादसे पर सीएम योगी सख्त, राहत-बचाव के दिए निर्देश।
लखीमपुर खीरी। ईसानगर क्षेत्र में ऊंच गांव और भरेहटा के बीच सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक की आमने-सामने की भीषण टक्कर में मैजिक सवार 10 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मृतकों में तीन लोगों की शिनाख्त होने की जानकारी सामने आई है।
घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को मौके पर पहुंचकर घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद डीएम अंजनी कुमार सिंह व एसपी ख्याति गर्ग मौके पर पहुंची और घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाया साथ मृतकों व घायलों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने भी हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर लखीमपुर-सिसैया रोड नेशनल हाईवे की बदहाल व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे हाईवे पर डिवाइडर न होने और ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते आए दिन भीषण सड़क हादसे होते रहते हैं। हर हादसे के बाद कुछ दिनों तक कार्रवाई और सख्ती दिखाई जाती है, लेकिन बाद में संबंधित विभाग फिर लापरवाह हो जाते हैं। लोगों ने हाईवे पर डिवाइडर निर्माण और ओवरलोडिंग पर स्थायी रोक लगाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

अध्यापिका की भी हुई मौत
ईसानगर क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में बहराइच जनपद के मिहींपुरवा क्षेत्र की सहायक अध्यापिका गायत्री वैश्य की भी मौत हो गई।
गायत्री वैश्य संविलियन विद्यालय रायबोझा में तैनात थीं। हादसे की खबर मिलते ही शिक्षक परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दुधवा में ‘जंगल की रानी’ का शिकार संग दिखा रौद्र रूप, सैलानियों की थम गई सांसें।।





























