लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी घंटों और दिनों के लिए प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, कई जिलों में तेज बारिश, आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
प्रदेश के तराई और पश्चिमी इलाकों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी और सहारनपुर सहित कई जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों—मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ सकता है।
योगी सरकार की तबादला एक्सप्रेस में आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर, कई जिलों के बदले डीएम व सीडीओ ।।
इसके अलावा पूर्वांचल, मध्य और बुंदेलखंड के कई जिलों में भी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर नगर, अयोध्या, बरेली और आगरा समेत कई प्रमुख शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि तेज हवाएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। सामान्य तौर पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों में यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। इससे कमजोर निर्माण, पेड़ और बिजली के खंभों को नुकसान हो सकता है।
निघासन का बेटा बैंकिंग सेक्टर में चमका, SBI में टीम लीड मैनेजर बने इस्तियाक इदरीशी।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम कर लें। वहीं आम नागरिकों को आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है।
किसानों की बढ़ी चिंता
ओलावृष्टि की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इस समय कई फसलें तैयार अवस्था में हैं। ऐसे में तेज बारिश और ओले फसलों को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी कर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है, जिससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अस्थिर मौसम की स्थिति बन रही है।
त्वरित एक्शन के लिए जाने जाते है आईएएस अंजनी कुमार सिंह, सख्त प्रशासक, संवेदनशील व्यक्तित्व।





























