लखीमपुर खीरी। मैलानी थाना क्षेत्र के बांकेगंज कस्बे में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार को हिंसा में बदल गया। पथराव और हंगामे के दौरान करीब 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई सरकारी वाहनों और थाने-चौकी को नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणोंके अनुसार, गांव में एक धार्मिक भंडारे का आयोजन चल रहा था और वर्षों से खाली पड़ी बौद्ध विहार की भूमि पर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी की गई थी। इस दौरान ग्राम प्रधान वीरेंद्र गौतम भी मौके पर मौजूद रहे। उनके जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रतिमा स्थापित कर दी।
बताया जा रहा है कि प्रतिमा स्थापना के बाद ग्रामीण रैली निकालने चले गए, जिससे स्थल पर केवल महिलाएं ही मौजूद रह गईं। इसी दौरान स्थिति ने नया मोड़ ले लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बांकेगंज निवासी एक महिला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद पुलिस ने प्रतिमा को हटवाया। इस दौरान प्रतिमा खंडित हो गई।
महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने प्रतिमा को बचाने का प्रयास किया तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे कई महिलाएं भी घायल हुईं। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में करीब 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं थाना, पुलिस चौकी और एडिशनल एसपी की गाड़ियों को भी क्षति पहुंची। मौके पर मौजूद एक पत्रकार के भी हल्का घायल होने की सूचना है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से भारी पुलिस बल मौके पर भेजा गया है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों की बात सुनी जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। एडिशनल एसपी ने बताया कि अब मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।





























