लखीमपुर खीरी। वन रेंज लुधौरी क्षेत्र में केले के खेत में घास काट रहे युवक पर तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए घटनास्थल के पास पिंजरा लगाया, लेकिन रातभर निगरानी के बावजूद तेंदुआ पिंजरे में कैद नहीं हुआ। ऐसे में खेतों की ओर जाने वाले ग्रामीणों में अब भी जंगली जानवर के हमले का डर बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सहतेपुरवा निवासी चन्द्रिका प्रसाद केले के खेत में घास काटने गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
झंडी चौकी में निकला 7 फीट का सांप, वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा।
उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। घायल युवक को ग्रामीणों की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। रेंजर मोबीन आरिफ के निर्देश पर वन दरोगा अखिलेश रावत ने घटनास्थल के पास तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाया। वन विभाग की टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर भी रखी, लेकिन रात में तेंदुआ पिंजरे में कैद नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास तेंदुए के पगचिह्न भी मिले हैं। विभाग की ओर से तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए निगरानी की जा रही है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
केले के खेत में घास काट रहे युवक पर तेंदुए का हमला, गंभीर घायल।
लुधौरी और बेलरायां रेंज में लगातार सामने आ रहे तेंदुए के मामले भी ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ महीनों के दौरान दोनों रेंज के अंतर्गत क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक तेंदुओं को पकड़ा जा चुका है। वहीं, पूर्व में तेंदुए के हमलों में कुछ लोगों की मौत की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में तेंदुए के लगातार दिखाई देने और हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, तेंदुए को जल्द पकड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, तब तक खेतों में काम करने और जंगल से सटे इलाकों में आने-जाने में खतरा बना रहेगा।
दुधवा में मिला अनोखे रंग वाला करैत सांप, वैज्ञानिकों की बढ़ी दिलचस्पी।
















