लखीमपुर खीरी: थाना सिंगाही अंतर्गत रविवार की सुबह एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 5 साल की बच्ची बदहवास हालत में अपने घर पहुंची। बच्ची की हालत देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। पूछने पर उसने जो बताने की कोशिश की, उससे परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने गांव के ही एक बुजुर्ग व्यक्ति पर बच्ची को बहला-फुसलाकर घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
घटना सिंगाही-बेलरायां मार्ग के किनारे बसे एक गांव की बताई जा रही है। प्राथमिक विद्यालय के पास रहने वाले पीड़ित परिवार और आरोपी के मकान आमने-सामने हैं।
शारदा के उफान से बढ़ा बाढ़ का खतरा, तमोलिनपुरवा बांध तीन जगह से कटा।
आरोप है कि सुबह आरोपी ने बच्ची को रुपये देने का लालच दिया और अपने घर ले गया। कुछ समय बाद बच्ची वापस लौटी तो उसकी हालत असामान्य थी।
परिजनों के अनुसार, बच्ची घटना के बारे में बताने का प्रयास कर रही थी, लेकिन अचानक बेहोश हो गई। घबराए परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो वहां भी विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि आरोपी ने फावड़ा उठाकर परिजनों को डराते हुए दौड़ा दिया।
इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बच्ची को एंबुलेंस से निघासन सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिंगाही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राज बहादुर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी खलील हिरासत में है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
₹52 किलो में मिलेगी चीनी, गन्ना विभाग ने शुरू की रियायती बिक्री।
















