निघासन खीरी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर तिकुनिया थाने का परिसर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर थाना परिसर स्थित मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूल-मालाओं और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु थाना परिसर स्थित मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनमोहक झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान की लीलाओं का गुणगान किया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में जन्माष्टमी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
सीएचसी के गेट पर ‘वीआईपी’ सांड का कब्जा, मरीजों की सुरक्षा भगवान भरोसे!
थाना प्रभारी अवनीश कुमार ने पुलिसकर्मियों के साथ विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण का पूजन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को पंचामृत से स्नान कराकर पुष्प, माखन-मिश्री, फल सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। इसके बाद मंदिर परिसर में सुंदर भजनों और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजा मंदिर परिसर आकर्षण का केंद्र बन गया। जैसे-जैसे मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय नजदीक आया, श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। रात 12 बजे जन्मोत्सव के समय मंदिर में घंटियों और शंखनाद से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे लगाकर जन्मोत्सव की खुशी मनाई।
खराब पनीर की शिकायत पर खाद्य विभाग की छापेमारी, पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।।
















