निघासन खीरी। कस्बे के पलिया रोड स्थित चंदी स्वीट्स में खराब पनीर बेचने की शिकायत के बाद गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। अधिकारियों ने मौके से पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद दुकानदारों में भी हलचल मच गई।
जानकारी के मुताबिक नानक नगर निवासी रामकांत मौर्य ने चंदी स्वीट्स से करीब आधा किलो पनीर खरीदा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि अगले दिन जब उन्होंने पनीर को पकाने के लिए कढ़ाई में डाला तो वह पूरी तरह फट गया। इसके बाद उन्होंने दुकान पर पहुंचकर पनीर की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की।
सीएचसी के गेट पर ‘वीआईपी’ सांड का कब्जा, मरीजों की सुरक्षा भगवान भरोसे!
रामकांत मौर्य का आरोप है कि शिकायत करने पर दुकानदार कथित तौर पर भड़क गया और उनके साथ अभद्रता की। शिकायतकर्ता के मुताबिक दुकानदार ने पनीर वापस रख लिया और उन्हें वहां से चले जाने को कहा। मामले को लेकर रामकांत मौर्य ने एसडीएम के साथ खाद्य विभाग तथा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग की टीम चंदी स्वीट्स पहुंची। अधिकारियों ने दुकान पर मौजूद पनीर का नमूना लिया और उसे जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की। मौके पर हुई सैंपलिंग की तस्वीर भी सामने आई है।
अब पूरे मामले में खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट अहम मानी जा रही है। यदि प्रयोगशाला जांच में पनीर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत पाया जाता है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है।
फिलहाल नमूना जांच के लिए भेजे जाने के बाद रिपोर्ट का इंतजार है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और विभाग की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
















