लखीमपुर खीरी। पढुआ थाना क्षेत्र के बाबागंज गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खेतों के पास बकरियां चराने गए 10 वर्षीय बच्चे पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बच्चा रोज की तरह शाम को बकरियां लेकर गांव के बाहर गया था। कुछ ही देर बाद खेतों की तरफ से उसकी चीख सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख तेंदुआ वहां से भाग निकला, लेकिन तब तक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो चुका था। लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, मगर उसकी जान नहीं बच सकी।
मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान बताया जा रहा है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में देर रात तक मातम पसरा रहा और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
आखिर कौन है पीसीएस अधिकारी यदुवीर सिंह, जिन्हें तहसील निघासन का बनाया गया उपजिलाधिकारी।
सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और इलाके में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे है। वन विभाग ने ग्रामीणों से शाम के समय खेतों और सुनसान इलाकों में अकेले न जाने की अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों की आवाजाही बनी हुई है। कई बार तेंदुए को खेतों और बस्तियों के आसपास देखा जा चुका है, जिससे लोगों में लगातार भय बना रहता है। अब बच्चे की मौत के बाद गांव वालों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।











