निघासन (लखीमपुर खीरी):- निघासन कस्बे के वार्ड लक्ष्मी नगर, रकेहटी निवासी एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते आधा दर्जन से अधिक लोगों पर जानलेवा हमला करने, मारपीट, महिलाओं से अभद्रता तथा मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए कोतवाली निघासन में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पीड़ित अमित कुमार गौतम पुत्र रम्मू लाल गौतम जिन्हें भाजपा का बूथ अध्यक्ष भी बताया जा रहा है। उनके द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:45 बजे वह डब्लू के घर के सामने से होकर गुजर रहा था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने युवक को सड़क पर पटक दिया तथा उसकी गर्दन पर लोहे की रॉड रखकर पैरों से दबाते हुए गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया। शोर सुनकर बचाने पहुंचे उमेश गौतम और बुलंद के साथ भी मारपीट की गई। वहीं घटना का वीडियो बना रहे उमेश गौतम का मोबाइल फोन भी आरोपितों द्वारा छीन लेने का आरोप लगाया गया है।
धान की रोपाई के बाद नदी किनारे गया मासूम, मगरमच्छ ने बनाया शिकार, पांच घंटे बाद मिला शव !!VIDEO
पीड़ित का कहना है कि शोर सुनकर उसकी माता और बहन मौके पर पहुंचीं तो आरोपितों ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद हमलावर लोहे की रॉड और अवैध असलहों के साथ उसे दौड़ाकर जान से मारने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल सका।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि जाते समय आरोपितों ने भविष्य में मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना में पीड़ित, उसकी माता, बहन तथा बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोगों के घायल होने का भी दावा किया गया है।
इस पूरे प्रकरण में सीओ शिवम कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की और से विवाद किया गया है। जिसके आधार पर दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लखीमपुर खीरी में बदला स्कूलों का समय, 20 जुलाई से सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगेंगी कक्षाएं।











