बहराइच। जिले के बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद 12 वर्षीय बालक नदी किनारे हाथ-पैर साफ करने पहुंचा था। इसी दौरान पानी में घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़ों में जकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे ने जान बचाने के लिए काफी देर तक संघर्ष किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े तथा ईंट-पत्थर फेंककर मगरमच्छ को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह बालक को छोड़ने के बजाय बार-बार पानी में ले जाकर पटकता रहा और अंततः गहरे पानी में खींच ले गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे का शव नदी से बरामद किया गया। इस हृदयविदारक घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
वन विभाग के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टीम को मौके पर भेजा गया था और मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आने के बाद लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है। ग्रामीणों ने नदी किनारे मगरमच्छों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताते हुए वन विभाग से प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
लखीमपुर खीरी में बदला स्कूलों का समय, 20 जुलाई से सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगेंगी कक्षाएं।











