लखीमपुर खीरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को लखीमपुर खीरी के दौरे के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेते हुए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश दिया।
दौरे की शुरुआत कैलाशपुरी पुल से हुई, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद औघड़ बाबा स्थान पर पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा के नेतृत्व में उनका अभिनंदन किया गया। बाद में कमलेश मिश्रा के आवास पर आयोजित ‘गांव की बतकही’ कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया।
अपने संबोधन में पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच लगातार संवाद और सेवा भाव ही संगठन की वास्तविक पहचान है।
कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने अयोध्या से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है और उसका निर्माण लंबे संघर्ष के बाद संभव हो सका। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी स्तर पर किसी की जिम्मेदारी तय होती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिन दलों ने अतीत में भगवान श्रीराम और राम मंदिर आंदोलन का विरोध किया, वही आज इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब कुछ जानती और समझती है तथा सत्य से भली-भांति परिचित है।
उन्होंने यह भी कहा कि मामला न्यायालय के विचाराधीन है और अदालत द्वारा जारी नोटिस का विधिक प्रक्रिया के तहत जवाब दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जाएगी।
दौरे के दौरान ढखेरवा चौराहे पर धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने उनका स्वागत किया, जबकि टहारा में झंडी स्टेट के राजा राज राजेश्वर सिंह ने बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, विधायक रोमी साहनी, शशांक वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, अरविंद गुप्ता, अमन गिरि, लोकेंद्र प्रताप, योगेश वर्मा, सौरभ सिंह सोनू, मंजू त्यागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धान के खेत में 22 फीट का अजगर दिखते ही मचा हड़कंप, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू।।











