लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक थमने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी चार दिनों के दौरान तेज बारिश की संभावना जताई है। यह दौर 19 अगस्त तक जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी भी दी गई है।
बारिश के लिहाज से लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, मुरादाबाद और रामपुर को विशेष निगरानी वाले जिलों में रखा गया है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
इसके अलावा सहारनपुर, बिजनौर, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट और कुशीनगर में भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वांचल के कई जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।
पारिवारिक विवाद के चलते दामाद ने चाकू से कई वार कर अपने ससुर को उतारा मौत के घाट, पत्नी भी घायल।।
इन जिलों में भी बारिश को लेकर चेतावनी
अमेठी, कौशांबी, सुलतानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सोनभद्र, देवरिया और गोरखपुर में भी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जलभराव और यातायात की बढ़ सकती है परेशानी
लगातार बारिश होने की स्थिति में निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या सामने आ सकती है। सड़कों पर जलभराव से यातायात की रफ्तार प्रभावित होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बारिश के दौरान बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन और स्थानीय स्तर पर भी जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर रखने की जरूरत है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं।











