रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शुक्रवार को अपनी गौ रक्षा यात्रा के तहत निघासन पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढखेरवा रोड स्थित जेपी पैलेस और गोपाल जी लॉन्स में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और गौ संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
शंकराचार्य के आगमन पर समाजवादी पार्टी के नेता आरएस कुशवाहा, हिमांशु पटेल, सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव तथा पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस बल भी तैनात रहा। शाम लगभग साढ़े 6 बजे गोपाल जी लांस में पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का सपा नेता हिमांशु पटेल ने फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। उन्होंने त्रिशूल व गौमाता की प्रतिमा को भेंट किया साथ ही निघासन आगमन पर उनका आभार भी व्यक्त किया।
पत्रकारों से बातचीत में शंकराचार्य ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने गाय को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग दोहराते हुए कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दायित्व भी है। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गौ संरक्षण के मुद्दे पर अपेक्षित स्तर पर कार्य होता दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने बताया कि गौ रक्षा यात्रा का उद्देश्य समाज में गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण फैलाना है। यह यात्रा उत्तर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजर रही है। यात्रा 3 मई को गोरखपुर से शुरू हुई थी और 24 जुलाई को लखनऊ में इसका समापन होगा।
शंकराचार्य ने कहा कि संत समाज का उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से गौ सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की मूल भावना गौ सम्मान से जुड़ी हुई है।
IAS बनने के बाद PCS एसोसिएशन के महासचिव वैभव मिश्रा ने दिया इस्तीफा।।











