निघासन खीरी। उत्तर खीरी वन प्रभाग के निघासन वन क्षेत्र अंतर्गत वन विभाग की टीम ने रविवार सुबह एक और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने में सफलता प्राप्त की। यह पिछले एक माह के भीतर पकड़ा गया चौथा तेंदुआ है, जिससे क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर लोगों में चर्चा और चिंता दोनों बनी हुई हैं।
वन विभाग के अनुसार 21 जून की प्रातः लगभग 5 बजे मूर्तियां ग्राम पंचायत स्थित वीर बाबा स्थान के पास लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हुआ। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए तेंदुए को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
गौरतलब है कि निघासन वन क्षेत्र में बीते एक माह के दौरान लगातार तेंदुए पकड़े जा रहे हैं। सबसे पहला तेंदुआ 22 मई को मूर्तियां ग्राम पंचायत के कटैला फार्म क्षेत्र में पकड़ा गया था। इसके बाद 25 मई को सहजना गांव में दूसरा तेंदुआ वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ। तीसरा तेंदुआ 9 जून को भिड़ौरी क्षेत्र में पकड़ा गया था, जबकि अब चौथा तेंदुआ वीर बाबा स्थान, मूर्तियां ग्राम पंचायत में पकड़ा गया है।
लगातार तेंदुओं के पकड़े जाने से यह संकेत मिल रहा है कि क्षेत्र में उनकी सक्रियता बढ़ी हुई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, बच्चों को अकेले खेतों और जंगल के किनारे न भेजने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को महंत दिनेंद्र दास ने कराया दर्शन-पूजन, चंपत राय रहे दूर।।











