लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व में शनिवार सुबह जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों को उस समय रोमांचक अनुभव मिला, जब जंगल के रास्ते में अचानक एक बाघिन और भालू आमने-सामने आ गए। कुछ क्षणों तक दोनों वन्यजीव एक-दूसरे को देखते रहे, जिससे मौके पर मौजूद पर्यटक भी रोमांचित हो उठे।
जानकारी के अनुसार गुजरात से आए वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफरों का एक दल सुबह की सफारी के बाद लौट रहा था। तभी जंगल के रास्ते पर अचानक दोनों वन्यजीव दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ देर तक माहौल बेहद शांत और रोमांच से भरपूर रहा। बाद में बाघिन धीरे-धीरे रास्ता बदलकर जंगल की ओर चली गई, जबकि भालू दूसरी दिशा में निकल गया।
सफारी में मौजूद गाइड ने इस पूरे घटनाक्रम को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि जंगल में इस प्रकार का दृश्य बहुत कम देखने को मिलता है, इसलिए यह वीडियो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
दुधवा टाइगर रिजर्व में लगातार वन्यजीवों की सक्रियता और दुर्लभ नजारों के चलते देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघ, हाथी, बारहसिंगा और भालू जैसे वन्यजीवों के दीदार होने से दुधवा वन्यजीव प्रेमियों की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग में बड़ा एक्शन, गोला सीएचसी अधीक्षक समेत 7 अधिकारियों पर विभागीय शिकंजा।





























