रिपोर्ट: शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। निघासन क्षेत्र में लगभग 300 शिक्षकों का चयन वेतनमान आदेश जारी होने के बावजूद उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वजह यह है कि संबंधित शिक्षकों की सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) अब तक अपडेट नहीं की गई है, जिसके चलते चयन वेतनमान वेतन में नहीं जुड़ पा रहा है। इससे शिक्षकों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
इसी समस्या को लेकर सोमवार को दर्जनों शिक्षक बीआरसी कार्यालय निघासन पहुंचे, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।
यूपी में बदलेगा मौसम का रुख, इन जिलों में ओले और तेज हवाओं का अलर्ट।
शिक्षकों का कहना है कि चयन वेतनमान का आदेश काफी समय पहले जारी हो चुका है, लेकिन विभागीय स्तर पर लापरवाही के कारण सेवा पुस्तिका अपडेट नहीं की जा रही है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले आश्वासन दिया गया था कि वेतन का लाभ शीघ्र मिल जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि सभी शिक्षकों की सेवा पुस्तिका तत्काल प्रभाव से अपडेट कराई जाए, ताकि चयन वेतनमान का लाभ वेतन में जुड़ सके। इसके साथ ही उन्होंने यह भी मांग रखी कि आधिकारिक ग्रुप के माध्यम से प्रतिदिन कार्य की प्रगति की जानकारी साझा की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष शिक्षक संघ निघासन रूप सिंह यादव, अभिषेक बाजपेयी, वैभव पांडेय, प्रमोद दुबे, प्रशांत, महेश बाबू, अनुज कुमार, सुधीर यादव, अवध बिहारी गुप्ता, सूरज कुमार, ललित यादव, त्रिलोकी कटियार, विशाल, रविन्द्र कुमार, मनीष बाजपेयी, अखिलेश कुमार, धर्मेंद्र सिसोदिया, रणधीर शर्मा, प्रभाकर बाजपेयी, राहुल कुमार, शशि कुमार, जय श्याम मिश्रा, अव नींद्र कुमार, ललित कुमार, रवि गुप्ता व त्रिभुवन कुमार मौजूद रहे।
योगी सरकार की तबादला एक्सप्रेस में आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर, कई जिलों के बदले डीएम व सीडीओ ।।





























