रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। निघासन क्षेत्र के सिंगाही थाना अंतर्गत एक गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बाघ के हमले में एक महिला की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एक परिवार अपने घर के पास नया मकान बनवा रहा था। रात के समय निर्माण कार्य जारी था, जिसे देखने के लिए परिवार की एक महिला मौके पर पहुंची। इसी दौरान आसपास के जंगल क्षेत्र से आए बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाघ ने महिला को दबोचकर घसीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े और हिम्मत दिखाते हुए बाघ को खदेड़ने की कोशिश की। ग्रामीणों के शोर-शराबे के बाद बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
झोपड़ी से उठी प्रतिभा, खटिया पर बैठकर डीएम ने जिला टॉपर उमाशंकर का बढ़ाया हौसला।
गंभीर रूप से घायल महिला को ग्रामीणों ने तत्काल उठाया, परंतु उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे होने के कारण इलाके में अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है।
घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की बात कही है।
अग्निपीड़ितों के बीच पहुंचे बीडीओ, हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा।।





























