रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
निघासन खीरी। सरजू सहकारी चीनी मिल बेलरायां में बीते लगभग 20 दिनों से गन्ना लेकर खड़ी किसानों की ट्रालियां खाली न होने से किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लंबे इंतजार और आर्थिक नुकसान से परेशान क्षेत्रीय किसानों ने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह से अपनी समस्या साझा की।
शुक्रवार को अमनदीप सिंह किसानों के साथ बेलरायां स्थित सरजू सहकारी चीनी मिल पहुंचे और मिल प्रशासन से वार्ता की। इस दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर अमनदीप सिंह और सीसीओ के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। किसानों का कहना था कि कई दिनों से ट्रालियां लाइन में खड़ी हैं, जिससे उन्हें समय और धन दोनों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं ट्रालियों के लंबे समय तक खड़े रहने से गन्ने की गुणवत्ता प्रभावित होने की भी चिंता जताई गई।
किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मिल के सीसीओ ने आश्वासन दिया कि दो दिन के भीतर लंबित ट्रालियों को प्राथमिकता के आधार पर खाली कराया जाएगा। आश्वासन के बाद किसानों ने राहत की सांस ली, हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
लखीमपुर खीरी में बेखौफ तेंदुए, जंगल छोड़ आबादी में बना रहे खौफ का साया।।





























