निघासन, लखीमपुर खीरी। घरेलू विवाद में एक बेटे पर अपने ही बुजुर्ग माता-पिता को जिंदा जलाने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है। निघासन कोतवाली क्षेत्र के चखरा गांव में शनिवार रात हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बेटे ने बाइक से पेट्रोल निकालकर अपने पिता और मां पर डाल दिया और फिर आग लगा दी। घटना में दंपती के साथ आरोपी बेटा भी झुलस गया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, चखरा निवासी बलराम शाह ने अपनी शिकायत में बताया कि शनिवार रात करीब दस बजे उनकी पत्नी वैजन्ती और बहू छाया के बीच घरेलू बातों को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान उनका बेटा सपालू गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
आरोप है कि गुस्से में सपालू ने बाइक से पेट्रोल निकाला और बलराम शाह व उनकी पत्नी वैजन्ती पर उड़ेल दिया। इसके बाद दोनों को आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। आग की चपेट में आने से बुजुर्ग दंपती झुलस गए, जबकि वारदात के दौरान आरोपी का हाथ भी जल गया।
घटना के बाद पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रभारी निरीक्षक गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। झुलसे दंपती और आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
15 महीने पहले हुई थी युवती की शादी, अब युवक के साथ मिला शव! जांच में जुटी पुलिस।।

















