औरैया: हाथ में छड़ी, उम्र 75 साल और दिल में 30 वर्षीय रानी के लिए प्यार। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अरियारी गांव की यह प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। करीब एक साल तक चले प्रेम संबंध के बाद रामसुगर और रानी ने शादी करने का फैसला लिया है। खास बात यह है कि रानी की मां भी इस रिश्ते के लिए राजी बताई जा रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, रामसुगर फर्नीचर बनाने का काम करते हैं। रानी वीडियो बनाने के सिलसिले में उनके घर आया-जाया करती थीं। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ने लगीं। देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। करीब एक साल तक चले इस प्रेम संबंध के बाद दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया।
रामसुगर ने समझाया, लेकिन शादी की जिद पर अड़ी रही रानी
रामसुगर का कहना है कि उन्होंने रानी को अपनी उम्र के बारे में समझाया था। उन्होंने सलाह दी कि वह उनसे शादी करने के बजाय अपनी उम्र के किसी युवक से विवाह कर ले। हालांकि, रामसुगर के मुताबिक, रानी उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुई और उन्हीं से शादी करने पर अड़ी रही। आखिरकार दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया।

शादी के बाद मिलकर चलाएंगे घर
रामसुगर का कहना है कि वह इस रिश्ते से खुश हैं। वह फर्नीचर का काम करके कमाई करेंगे और उसी से घर का खर्च चलाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपनी होने वाली पत्नी के साथ वीडियो भी बनाएंगे।
बेटी राधा भी शादी के फैसले से खुश
रामसुगर की बेटी राधा का कहना है कि वह पिता के इस फैसले से काफी खुश हैं। उन्हें उम्मीद है कि शादी के बाद उनके पिता की होने वाली पत्नी बुढ़ापे में उनका ख्याल रखेंगी और उन्हें समय पर खाना भी देंगी।

‘प्यार में उम्र नहीं देखी जाती’
रामसुगर का कहना है कि प्यार में उम्र नहीं देखी जाती। उनका और रानी का रिश्ता इसी सोच को दर्शाता है। 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय रानी के शादी करने के फैसले ने उम्र के बड़े अंतर के कारण लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। अब यह जोड़ी अपने नए जीवन की शुरुआत को लेकर चर्चा में है।
iPhone Duo की प्री-बुकिंग शुरू होते ही बढ़ी मांग, अब जनवरी 2027 तक करना पड़ सकता है इंतजार।

















