लखीमपुर खीरी। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के दुलही गांव में शुक्रवार सुबह युवती को साथ ले जाने को लेकर चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। गोली लगने से इदरीश की मौत हो गई, जबकि नगर पंचायत में सफाईकर्मी कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, करीब चार दिन पहले इदरीश पड़ोस में रहने वाली कमलेश की बहन हैप्पी को अपने साथ लेकर चला गया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। गुरुवार को पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच विवाद और तनाव बना हुआ था।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे दोनों परिवारों के घरों के सामने गोली चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि इदरीश ने कमलेश को 315 बोर की अद्धी से गोली मार दी। इसके बाद वह कमलेश के मकान के सामने पहुंचा और कथित तौर पर खुद को भी गोली मार ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने इदरीश को मृत घोषित कर दिया। कमलेश का उपचार चल रहा है।
सरपतहा में अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा।
मकानों के आमने-सामने होने से बढ़ी थी तनातनी
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों परिवारों के मकान आमने-सामने हैं और उनके बीच सड़क है। युवती को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया। परिजनों का आरोप है कि इदरीश के युवती को साथ ले जाने के बाद कमलेश के परिवार ने उसके घर पर कब्जा कर लिया था। इसको लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
पुराने गोलीकांड का भी सामने आया मामला
घटना की जांच के दौरान इदरीश का करीब 15 वर्ष पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी चर्चा में आया है। ग्रामीणों के अनुसार, उस समय रामचंद्र उर्फ चोटकन्नू, राजाराम और कल्लू पुत्र सुंदर को गोली मारने के मामले में इदरीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में धारा 307 के तहत कार्रवाई हुई और उसे सात वर्ष की सजा सुनाई गई थी। परिजनों के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले सजा पूरी करने के बाद वह जेल से बाहर आया था।
सिसैया खुर्द प्रकरण में एसपी की बड़ी कार्रवाई, पांच पुलिसकर्मी तत्काल प्रभाव से निलंबित।
पुलिस जांच में जुटी, घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पढ़ुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस दोनों परिवारों के बीच पुराने विवाद, युवती को साथ ले जाने की घटना और शुक्रवार सुबह हुई गोलीबारी को जोड़कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी वजह स्पष्ट होगी।
गोकशी मामले को लेकर पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली।

















