रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। शारदा नदी का कटान एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। गोला तहसील क्षेत्र के रूरा सुल्तानपुर में बुधवार सुबह तेज कटान के चलते माता जी मंदिर नदी की धारा में समा गया। धार्मिक स्थल के नदी में समाने की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में शारदा नदी लगातार किनारों को काट रही है। कटान की गति तेज होने से नदी का दायरा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को नदी की तेज धार ने माता जी मंदिर को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते मंदिर नदी में समा गया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी शारदा नदी के कटान की चपेट में वीर बाबा मंदिर आ चुका है। लगातार दो धार्मिक स्थलों के नदी में समाने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
डिजिटल लाइब्रेरी से मंदिरों तक पहुंचे एडीएम, विकास कार्यों की जमीनी पड़ताल।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि कटान इसी तरह जारी रहा तो आने वाले दिनों में उनके आशियानों और बची हुई कृषि भूमि पर भी खतरा बढ़ सकता है। नदी के बढ़ते कटान ने ग्रामीणों के सामने धार्मिक स्थलों के साथ अपनी जमीन और घरों को बचाने की चुनौती खड़ी कर दी है।
शारदा नदी के लगातार बढ़ते कटान को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कटान की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराकर बचाव के प्रभावी इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि नदी की धारा को आबादी और शेष भूमि की ओर बढ़ने से रोका जा सके।
₹1.25 करोड़ की स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, Yamaha R15 भी बरामद।

















