सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। जौराहा नदी के किनारे बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भैंसों को पानी पिलाने पहुंचे एक किसान पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। देखते ही देखते मगरमच्छ किसान को पानी के भीतर खींच ले गया। किसान के साथ मौजूद बेटे ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक मगरमच्छ उसे नदी की गहराई में ले जा चुका था।
मामला उत्तर खीरी वन प्रभाग की बेलरायां रेंज के मांझा गांव के पास का है। मांझा फार्म निवासी 54 वर्षीय रमेश सिंह रोज की तरह बुधवार सुबह अपनी भैंसों को पानी पिलाने जौराहा नदी के किनारे पहुंचे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। हमला इतना तेज था कि किसान को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मगरमच्छ उन्हें खींचकर नदी में ले गया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी किसान के बेटे ने पिता को बचाने के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके की ओर दौड़े, लेकिन उनके पहुंचने तक नदी में सिर्फ तेज हलचल दिखाई दी और किसान का कोई पता नहीं चला।
फावड़े से बेटे की हत्या करने वाला आरोपी पिता गिरफ्तार, पैरोल पर आया था जेल से बाहर।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बेलरायां रेंज के रेंजर भूपेंद्र चौधरी तथा सिंगाही प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे पुलिस और वन विभाग की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद नदी के किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर किसान की तलाश शुरू कर दी गई।
नदी में मगरमच्छ के हमले की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि नदी और जलभराव वाले इलाकों में मगरमच्छों की मौजूदगी के चलते लोगों को पहले भी सतर्क रहने की जरूरत महसूस होती रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने नदी किनारे जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे एसडीएम की सरकारी गाड़ी गड्ढे में फंसी, बाल-बाल बचे अधिकारी।।











