रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
निघासन खीरी। विकसित भारत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर तहसील स्तरीय भाषण, सामान्य ज्ञान एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रमियाबेहड़ एवं निघासन विकासखंड के विभिन्न इंटर कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए, जबकि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना और रचनात्मकता के जरिए भविष्य के भारत की तस्वीर प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में गायत्री ग्रुप ऑफ स्कूल्स के प्रबंधक विनोद सिंह ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा व सकारात्मक सोच भारत को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गायत्री ग्रुप ऑफ स्कूल्स के व्यवस्थापक यज्ञभूषण सिंह ने राष्ट्रप्रेम, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना सामूहिक प्रयासों से साकार होगा और युवा पीढ़ी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
डिजिटल लाइब्रेरी से मंदिरों तक पहुंचे एडीएम, विकास कार्यों की जमीनी पड़ताल।
विद्यालय के प्रबंधक ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, विचार एवं रचनात्मकता व्यक्त करने के अवसर देना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में विभिन्न इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन मोहसिन शेख ने किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने ऐसे भारत की कल्पना प्रस्तुत की, जो शिक्षित, स्वच्छ, आत्मनिर्भर, सशक्त, संस्कारित और विकसित हो। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के प्रेरणादायी संबोधनों से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
सेवा संकल्प अभियान के तहत खैरानी में लगा वृहद पशु चिकित्सा एवं टीकाकरण शिविर।

















