लखीमपुर खीरी। शारदा नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पतरासी गांव में नीरज बैंक्वेट हॉल के समीप तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बाइक सवार जीजा-साले की जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे एक बस लखीमपुर से ढखेरवा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पतरासी के पास विपरीत दिशा से आ रही स्प्लेंडर बाइक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जंगली हाथियों का कहर: खेत उजड़े, किसानों की उम्मीदें टूटीं, वन विभाग की बेरुखी से बढ़ी मायूसी।
मृतकों की पहचान शारदा नगर थाना क्षेत्र के बेलखुर्द निवासी 30 वर्षीय रमेश चंद्र पुत्र राममनोहर और नीमगांव थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय सियाराम पुत्र प्रहलाद के रूप में हुई है। सियाराम रिश्ते में रमेश चंद्र के साले बताए गए हैं। दोनों युवक बाइक से पतरासी की ओर जा रहे थे।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर शारदा नगर थाना प्रभारी ब्रजमोहन बनमाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला मॉर्चरी भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस और बाइक को भी अपने कब्जे में लिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही दुर्घटना के संबंध में अन्य जानकारी भी एकत्र कर रही है। पोस्टमार्टम और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
बैलहा में मगरमच्छ का आतंक, बकरे को बनाया निवाला जलभराव में मगरमच्छ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत।

















