निघासन खीरी। लुधौरी वनक्षेत्र अंतर्गत बैलहा ग्राम पंचायत में मगरमच्छ की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गांव के समीप लंबे समय से बने जलभराव में मगरमच्छ के होने की बात कही जा रही है। गुरुवार शाम घर के बाहर बैठे रमेश कुमार के बकरे को मगरमच्छ ने कथित तौर पर अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग अपने मवेशियों को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पास जलभराव वाले क्षेत्र में मगरमच्छ लगातार दिखाई दे रहा है। आरोप है कि मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना वन विभाग के रेंजर को कई बार दी जा चुकी थी, लेकिन उसे पकड़ने के लिए अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद भी मौके पर रेंजर नहीं पहुंचे और केवल दो वॉचर को निगरानी के लिए भेजा गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छ को तत्काल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मगरमच्छ को नहीं पकड़ा गया तो किसी बड़ी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
करोड़ों की परियोजना के बावजूद मोहाना नदी का तांडव, घरों की दहलीज तक पहुंचा कटान।











