रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। निघासन तहसील में आयोजित तहसील दिवस पर किसानों ने बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजा दिलाने और चीनी मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराने की मांग उठाई। किसानों ने जिलाधिकारी को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम यदुवीर सिंह को सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि निघासन क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों का निष्पक्ष और सही तरीके से सर्वे कराया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा मिल सके। इसके साथ ही चीनी मिलों पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का तत्काल भुगतान कराने की मांग भी उठाई गई।
निघासन में मतदाता सूची को लेकर विशेष अभियान, नए नाम जुड़वाने और कटे नामों को शामिल कराने का मौका।
किसानों का कहना है कि वे दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार करते हैं और उसे बेचकर होने वाली आमदनी से परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और बैंक से लिए गए कर्ज की किस्तें चुकाते हैं। लेकिन भीषण बाढ़ ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। फसलें बर्बाद होने और गन्ने का भुगतान लंबित रहने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। समय पर पैसा नहीं मिलने के कारण वे बैंक का कर्ज जमा करने और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में भी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
किसानों ने कहा कि एक ओर बाढ़ से फसलों को भारी नुकसान हुआ है, वहीं दूसरी ओर उन्हें नुकसान के अनुरूप मुआवजा और उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में किसानों पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत दिलाने और बकाया भुगतान की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने की मांग की।
इस पर एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सर्वे कराकर पात्र किसानों के खातों में मुआवजे की धनराशि ट्रांसफर कराई जाएगी।

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया जागरूक
तहसील दिवस के दौरान मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता शिविर भी लगाया गया। इसमें महिलाओं को सुरक्षा, सहायता और उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस मौके पर तहसील दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
दुधवा टाइगर रिजर्व में 16 फीट के विशालकाय अजगर का रेस्क्यू, नाजरून निशा के साहस की चर्चा।

















