लखीमपुर खीरी। थाना सिंगाही क्षेत्र में चकमार्ग पर कथित अतिक्रमण की जांच के दौरान बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि राजस्व टीम की मौजूदगी में ही लाठियां चल गईं। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। विवाद बढ़ता देख लेखपाल और उनके सहयोगी वहां से निकल गए।
घटना नौबना ग्राम पंचायत के चिल्ला पुरवा गांव की है। शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि गाटा संख्या 224 स्थित चकमार्ग पर कथित रूप से कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया गया है। इस मामले को लेकर लंबे समय से राजस्व विभाग में शिकायतें की जा रही थीं। हाल ही में सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद तहसील प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ता सहज राम के अनुसार, उन्होंने लेखपाल से पहले ही पुलिस बल साथ लाने का आग्रह किया था, लेकिन बिना पुलिस के ही मौके पर जांच शुरू कर दी गई। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि लाठी-डंडे चलने से पूर्व प्रधान सोहन लाल और उनके बेटे राम कैलाश घायल हो गए, जिनके सिर में चोट आई।
घायल पक्ष ने आरोप लगाया कि थाने पहुंचने पर पुलिस ने तहरीर में बदलाव करने का दबाव बनाया। इस मामले का वीडियो भी वायरल है जिसमें थाना प्रभारी कहते हुए नजर आ रहे है कि “जाओ घूमते रहो” उनका कहना है कि उन्होंने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी फोन कर शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है।
उधर, लेखपाल ललित ने बताया कि मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है। तहसीलदार के निर्देश पर शिकायत की जांच के लिए वह मौके पर गए थे, लेकिन वहां विवाद की स्थिति बनने पर वापस लौट आए।
तहसीलदार देवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत के निस्तारण के लिए राजस्व टीम भेजी गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सीओ शिवम कुमार का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। तहरीर बदलवाने के आरोप सही नहीं हैं और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नौ लोगों से भरी नाव शारदा नदी में पलटी, दो लोगों की डूबने से हुई मौत।











