लखीमपुर खीरी। जिले के पढ़ुआ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों के शव बेंचेपुरवा गांव के पास सड़क किनारे अलग-अलग पेड़ों पर लटके मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतकों की पहचान पचासा गांव निवासी जितेंद्र (18) पुत्र श्रीधर और बेंचेपुरवा निवासी रामा (23) पुत्री राम खिलावन के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र लखनऊ में मजदूरी करता था, जबकि रामा की शादी करीब 15 महीने पहले डडूरी गांव निवासी पलजीत के साथ हुई थी।
नर्स बनकर परिवार का सहारा बनने का सपना अधूरा, छात्राओं की मौत से घर में मचा कोहराम।
प्रेम प्रसंग की चर्चा, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, थाना अध्यक्ष मोहित पुंडीर ने बताया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे युवक और युवती के शव मिलने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवक और युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है।
बाढ़ का पानी उतरा तो गांवों में बढ़ी मुसीबत, गंदगी और मच्छरों के प्रकोप से ग्रामीण परेशान।

















