लखीमपुर खीरी। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को लखीमपुर शहर में सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और प्रमुख मार्गों पर यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजापुर स्थित आईटीआई कॉलेज परिसर से हुआ। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना। संबोधन के बाद सेवा ज्योति रथ के साथ यात्रा आगे बढ़ी। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यात्रा में शामिल होते गए, जिससे नगर के प्रमुख मार्गों पर भीड़ का दृश्य नजर आया।
मिथुन चक्रवर्ती को बड़ा पद, पश्चिम बंगाल सरकार ने बनाया सलाहकार, मिला कैबिनेट मंत्री का दर्जा।
यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सौजन्या चौराहा पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने यात्रा का स्वागत किया। इसी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने किया, जबकि सदर विधायक योगेश वर्मा की विशेष उपस्थिति और सहयोग रहा। मुख्य अतिथि के रूप में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य विनोद पटेल मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा और जिला उपाध्यक्ष संजय मिश्रा ने संयोजक एवं सह-संयोजक की भूमिका निभाई। सेवा ज्योति कलश यात्रा की जिम्मेदारी जिला कार्यालय मंत्री अभिजात मिश्रा को संयोजक तथा जिला सह कार्यालय मंत्री सौरभ त्रिवेदी को सह-संयोजक के रूप में दी गई थी।
यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष ईरा श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र साहनी, नगर अध्यक्ष देव दत्त चड्ढा, खीरी मंडल अध्यक्ष नीरज सिंह चौहान, ओयल मंडल अध्यक्ष शर्मा प्रजापति, जिला आईटी प्रमुख शौर्य सक्सेना, जिला सोशल मीडिया प्रमुख निष्कर्ष मिश्रा, नकहा मंडल महामंत्री धर्मेंद्र मौर्य, सभासद राकेश मिश्रा, प्रधान अनु जायसवाल, अशोक अवस्थी और संदीप मौर्य समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इसे व्यापक स्वरूप प्रदान किया।

















