निघासन खीरी। बनबसा बैराज से शनिवार दोपहर करीब तीन बजे भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने की सूचना के बाद क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने निचले इलाकों और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है।
प्रशासन की ओर से थाना क्षेत्र के सभी गांवों में मंदिर-मस्जिद के लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचना प्रसारित कराने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों से कहा गया है कि कच्चे और जर्जर मकानों को तत्काल खाली कर ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर पहुंचें। जरूरत पड़ने पर गांव के स्कूलों अथवा अन्य सुरक्षित स्थानों को आश्रय के रूप में इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
ग्रामीणों को अपने परिवार के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से पानी बढ़ने की स्थिति का इंतजार न करने और समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की अपील की है।
अधिकारियों ने कहा है कि जिन गांवों में पानी बढ़ने या अन्य किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, वहां के लोग तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव की कार्रवाई की जा सके। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं का पालन करते हुए स्वयं, अपने परिवार और पशुओं को सुरक्षित रखें।
बारिश ने छीनी तीन जिंदगियां, कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से परिवार तबाह।
















