मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के मलकद्दा स्थित चट्टा पुल पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। गांगन नदी पर बना अस्थाई लकड़ी का पुल अचानक टूटने से बाइक सवार दंपती और उनके तीन बच्चे नदी के तेज बहाव में जा गिरे। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका एक बेटा अभी लापता है। वहीं पिता और दो बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, छजलैट थाना क्षेत्र के महमूदपुर निवासी मजदूर अनिल रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी पत्नी किरन और तीन बच्चों के साथ कुंदरकी के नानपुर गांव स्थित अपनी ससुराल गया था। राखी बंधवाने के बाद पूरा परिवार बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान मलकद्दा के चट्टा पुल पर पहुंचते ही अचानक पुल की तीन लकड़ियां टूट गईं और बाइक समेत पूरा परिवार गांगन नदी में जा गिरा।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने अनिल और उसके दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि पत्नी किरन और एक बच्चा तेज बहाव में बह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद महिला किरन का शव बरामद कर लिया गया। वहीं उसके लापता बेटे की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।
हादसे के बाद गांगन नदी पर बने इस अस्थाई लकड़ी के पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की स्थिति पहले से ही जर्जर थी, इसके बावजूद लोगों की आवाजाही जारी थी। अब हादसे के बाद प्रशासन की ओर से पुल की सुरक्षा और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
साहस और संकल्प की मिसाल बनीं देवांशी, 14,009 फीट की ऊंचाई पर बृघु झील तक पहुंचाया कॉलेज का ध्वज।











