कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई। हादसे में 16 वर्षीय छात्रा गहरे गड्ढे और मलबे में समा गई। करीब सात घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद छात्रा को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार किसान विनोद सविता का परिवार घर के अंदर मौजूद था। इसी दौरान अचानक जोरदार आवाज हुई और घर के अंदर की जमीन कई फीट नीचे धंस गई। इस दौरान विनोद की 16 वर्षीय बेटी गड्ढे में जा गिरी और मलबे में दब गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। छात्रा का तत्काल पता नहीं चलने पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया। संयुक्त टीम ने करीब सात घंटे तक अभियान चलाने के बाद छात्रा को मलबे से बाहर निकाला।
सहायक पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बालिका को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जमीन धंसने के कारणों की जांच की जा रही है।
तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, सड़क हादसे में जीजा-साले की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम।











