रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। निघासन तहसील के बाढ़ प्रभावित नया पुरैना गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर के बाहर मवेशी बांध रहे 15 वर्षीय किशोर को सांप ने कई जगह डस लिया। चारों ओर पानी और प्रभावित रास्तों के बीच किशोर को अस्पताल तक पहुंचाना बड़ी चुनौती थी, लेकिन सूचना मिलते ही तहसीलदार स्वयं एम्बुलेंस लेकर गांव पहुंचे।
नया पुरैना निवासी रामफल का 15 वर्षीय बेटा सत्य प्रकाश घर के बाहर गाय बांध रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे कई स्थानों पर डस लिया। किशोर की हालत बिगड़ने की आशंका से परिजनों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तहसीलदार देवेंद्रमणि त्रिपाठी ने मौके की स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और खुद गांव की ओर रवाना हो गए। बाढ़ के पानी के चलते गांव तक पहुंचना आसान नहीं था, बावजूद इसके वह एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और किशोर को तत्काल उसमें बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने किशोर का उपचार शुरू कर दिया।
मगरमच्छ के हमले में लापता किसान का शव 24 घंटे बाद बरामद, डूबने से मौत की आशंका।
इस घटना ने एक बार फिर बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं और त्वरित प्रशासनिक प्रतिक्रिया की अहमियत सामने ला दी है। जहां जलभराव के कारण ग्रामीणों का सामान्य आवागमन तक प्रभावित है, वहीं आपात स्थिति में प्रशासन की तत्परता से किशोर को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।
तहसीलदार देवेंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि किशोर को सांप ने कई स्थानों पर डसा था। सूचना मिलते ही उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और आपात स्थिति में ग्रामीणों को तत्काल मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
बाढ़ के बीच ट्रैक्टर से पुरैना गांव पहुंचे एसडीएम व तहसीलदार, पीड़ितों को बांटे लंच पैकेट।











