लखीमपुर खीरी। शारदा नदी का बढ़ता कटान एक बार फिर निघासन क्षेत्र के ग्रांट नंबर 12 गांव के लिए चिंता का विषय बन गया है। मंगलवार को नदी का कटान तेज होने से उसका बहाव गांव के प्राथमिक विद्यालय तक पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार को अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने ग्रांट नंबर 12 पहुंचकर कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राशन किट उपलब्ध कराई जाए और जरूरत पड़ने पर अन्य राहत सामग्री भी तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
तीन उपजिलाधिकारियों के तबादले, यदुवीर सिंह बने निघासन के नवागत एसडीएम।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने बताया कि शारदा नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है, हालांकि कटान वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी शारदा नदी ने ग्रांट नंबर 12 में भारी तबाही मचाई थी। उस समय भीषण कटान के चलते गांव के 157 घर नदी में समा गए थे, जिससे सैकड़ों परिवार बेघर हो गए थे। इसी वजह से इस वर्ष नदी का रुख एक बार फिर गांव की ओर होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें। कटान प्रभावित क्षेत्र में राजस्व एवं अन्य विभागों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी कॉकरोच जनता पार्टी, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी।











