सीतापुर। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संवेदनशील बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शारदा नदी के किनारे कराए जा रहे स्टड (कटानरोधी) निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने म्योडी, छोलहा और श्रीरामपुरवा गांवों का दौरा कर बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियों की जानकारी ली।
मेरठ प्रकरण में बढ़ी सियासी सरगर्मी, एसएसपी के समर्थन में आए योग गुरु मंगेश त्रिवेदी।।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ की संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएंगे और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि संभावित आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके।











