लखीमपुर खीरी। शादी के महज डेढ़ माह बाद एक नवविवाहिता का शव मायके में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बाढ़ के संकट पर विधायक रोमी साहनी की त्वरित पहल, नाले की खुदाई हेतु दी 50 हजार की मदद।।
थाना सिंगाही क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह उस समय कोहराम मच गया जब 19 वर्षीय राजकुमारी का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। सुबह जब घरवाले जागे तो राजकुमारी अपनी चारपाई पर नहीं मिली। खोजबीन के दौरान उसका शव कमरे में लटका देख परिजनों के होश उड़ गए।
बताया जाता है कि राजकुमारी का विवाह 27 अप्रैल को पलिया क्षेत्र के अतरिया गांव निवासी नीरज के साथ हुआ था। शादी के बाद वह ससुराल में रह रही थी, लेकिन दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद वह मायके लौट आई थी।
मृतका की मां कलावती ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष लगातार दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि इसी उत्पीड़न से तंग आकर राजकुमारी ने आत्मघाती कदम उठाया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार एवं सिंगाही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





























