लखनऊ। बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल टल गई है। इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच हुई बैठक में कई लंबित मुद्दों पर सहमति बनने के बाद यूएफबीयू ने अपने आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया है। इससे बैंकिंग सेवाओं को लेकर बनी हड़ताल की आशंका फिलहाल समाप्त हो गई है।
बैठक में शनिवार की छुट्टी समेत कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इन मामलों के समाधान के लिए एक हाईलेवल कमेटी गठित करने पर सहमति बनी है। कमेटी सभी संभावित विकल्पों पर विचार करने के साथ संबंधित हितधारकों से भी बातचीत करेगी और लंबित मांगों के समाधान का रास्ता तलाशेगी।
बैठक में स्केल-4 के अधिकारियों तथा अधिकारियों की पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) योजना से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पीएलआई योजना में प्रस्तावित बदलाव के विषय पर आगे बातचीत करने पर सहमति बनी है।
इसके अलावा 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज मुद्दों सहित अन्य लंबित विषयों पर भी जल्द चर्चा किए जाने का निर्णय लिया गया। बैंक यूनियनों की ओर से उठाए गए इन मुद्दों पर आगे की बातचीत और समाधान की प्रक्रिया को देखते हुए यूएफबीयू ने प्रस्तावित आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया है।
बैठक में बनी सहमति के बाद बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के आंदोलन से जुड़ी तत्काल स्थिति शांत हुई है। अब हाईलेवल कमेटी की बैठकों और आगे होने वाली वार्ता के जरिए लंबित मांगों के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।
तीन दिन की मूसलाधार बारिश से बाढ़ का खतरा, एसडीएम व तहसीलदार ने तटवर्ती गांवों का किया दौरा।
















