लखीमपुर खीरी। निघासन क्षेत्र के नौगवां गांव में शुक्रवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशाल मगरमच्छ गांव के ही निवासी दीपक शर्मा के घर के अंदर पहुंच गया। घर के सदस्यों ने कमरे में हलचल महसूस होने पर जांच की तो चारपाई के नीचे मगरमच्छ बैठा दिखाई दिया। यह नजारा देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और आसपास के लोगों को सूचना दी।
कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मगरमच्छ से सुरक्षित दूरी बनाए रखी और उसे बाहर निकलने से रोकने का प्रयास किया। साथ ही घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन रेंज की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाते हुए काफी देर तक चले अभियान के बाद मगरमच्छ को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। इसके बाद उसे वाहन के माध्यम से खमरिया क्षेत्र में शारदा नदी के किनारे ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल खत्म हुआ और लोगों ने राहत महसूस की। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के दौरान जलस्तर बढ़ने और आसपास के क्षेत्रों में पानी भर जाने से मगरमच्छ समेत अन्य वन्यजीव अक्सर रिहायशी इलाकों की ओर पहुंच जाते हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी स्थान पर मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उससे दूरी बनाए रखें, भीड़ न लगाएं और स्वयं उसे पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित और उचित कदम है।
श्रावण मेले की तैयारियों पर सीडीओ सख्त, लिलौटीनाथ मंदिर पहुंचकर दिए अहम निर्देश।











